स्कूल चले हम अभियान: जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो एवं नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का किया स्वागत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी
शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत शहपुरा क्षेत्र के विद्यालयों में प्रवेश उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रियंका आर्मो एवं नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने विद्यालय पहुंचकर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
जनपद अध्यक्ष प्रियंका आर्मो ने शासकीय अंग्रेजी माध्यम आश्रम शाला शहपुरा का निरीक्षण कर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि उन्होंने भी इसी शैक्षिक परिसर में अध्ययन किया है, इसलिए विद्यालय से उनका विशेष जुड़ाव है।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, टीएलएम (टीचिंग लर्निंग मटेरियल), बागवानी एवं स्वच्छता व्यवस्था को देखकर उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने विशेष रूप से इस उपलब्धि की सराहना की कि विद्यालय की कक्षा पांचवीं के 15 विद्यार्थियों में से 13 विद्यार्थियों का चयन प्रतिष्ठित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के लिए हुआ है। इस उल्लेखनीय सफलता पर उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को बधाई देते हुए मिठाई वितरित की।
वहीं नगर परिषद अध्यक्ष शालिनी अग्रवाल ने जनपद माध्यमिक शाला शहपुरा में विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने तथा शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।
जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता के उच्च स्तर और बच्चों की रुचि बढ़ाने के लिए तैयार किए गए आकर्षक टीएलएम की प्रशंसा करते हुए शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे नवाचार बच्चों में सीखने की क्षमता और विद्यालय के प्रति लगाव को बढ़ाते हैं।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक श्रीराम साहू, प्रतिभा मिश्रा, जनशिक्षक अश्विनी कुमार साहू, आश्रम अधीक्षिका रेखा गौलिया, शिक्षिका चंद्ररेखा श्रीवास्तव, यशोदा साहू, शीतल राय, अंशुल सोनी, लाजवंती जीवनानी, अंजू नामदेव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं उनके पालक उपस्थित रहे।
‘स्कूल चले हम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों में शिक्षा के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

