ग्राम पंचायत चारपानी में बना अनोखा कुआं, उपयोग पर उठ रहे सवाल, ग्रामीण बोले – कैसे करेंगे उपयोग
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी
जिले में कलेक्टर द्वारा समीक्षा बैठकों में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के सख्त निर्देश लगातार दिए जा रहे हैं, इसके बावजूद जनपद पंचायत अमरपुर की ग्राम पंचायत चारपानी में पेयजल के लिए बनाए गए कुएं का अजब-गजब निर्माण चर्चा का विषय बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुआं जमीन के अंदर कम गहराई में खोदा गया है, जबकि जमीन के ऊपर उसे करीब एक मीटर तक ऊंचा उठा दिया गया है। आलम यह है कि कुएं में पानी है या नहीं, यह देखने के लिए भी लोगों को पत्थरों पर चढ़कर ऊंचाई तक जाना पड़ रहा है।
बाजार के पीछे नदी किनारे बना है कुआं
बताया गया कि बाजार के पीछे नदी किनारे बनाए गए इस कुएं के चारों ओर पत्थर की चिनाई कर उसे जमीन से काफी ऊपर उठा दिया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इस कुएं से आम ग्रामीण कैसे पानी निकाल पाएंगे और यह कितना व्यावहारिक है।
निर्माण स्थल पर सूचना पटल भी नहीं लगाया गया है, जिससे इसकी लागत, योजना का नाम और निर्माण एजेंसी की जानकारी सामने नहीं आ सकी। जब पंचायत भवन में इस संबंध में जानकारी लेने जाया गया तो वहां ताला लटका मिला।
सरपंच बोले – बाढ़ के कारण ऊंचा किया, भराई कराई जाएगी
फोन पर ग्राम पंचायत चारपानी के सरपंच प्रेम सिंह पट्टा से जानकारी चाही गई तो उन्होंने बताया कि चारपानी में बारह महीने पेयजल की समस्या बनी रहती है, जिस कारण ग्राम पंचायत द्वारा पेयजल कूप का निर्माण कराया गया है। नदी में बाढ़ आने के कारण इसे जानबूझकर ऊपर उठाया गया है। कुएं के चारों तरफ मिट्टी-मुरुम से भराई कराई जाएगी। हालांकि मौके पर कुएं को देखने पर अनेक सवाल उठ रहे हैं।
सीईओ बोले – सुरक्षा के लिए ऊंचा किया
इस संबंध में जनपद पंचायत अमरपुर के सीईओ लोकेश नारनौरे ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से कुएं को ऊंचा किया गया है। इसमें मोटर पंप लगाकर पेयजल सप्लाई की जानी है।
फिलहाल ग्रामीण इस अनोखी तकनीक से बने कुएं को देखकर हैरान हैं और इसके निर्माण कार्य व उपयोगिता पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

