सीएम हेल्पलाइन की 50 से 100 दिवस से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से निराकृत करने के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने समय-सीमा बैठक में अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाएं, लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करें
बलराम राजपूत न्यूज डिंडौरी, 15 अक्टूबर 2026
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं गतिविधियों की प्रगति, लंबित प्रकरणों तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराएं तथा आमजन से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जे.पी. यादव, डीएफओ अशोक सोलंकी, एसडीएम शहपुरा फरहान इरफान जामदार, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लाएं तेजी
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए निराकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने 50 से 100 दिवस से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता से लेते हुए संतुष्टिपूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक लंबित शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए तथा शिकायतकर्ता से समन्वय स्थापित कर उसकी संतुष्टि के साथ प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आमजन की शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में लंबित शिकायतों का निराकरण कर विभागीय प्रगति में स्पष्ट सुधार लाएं।
राजस्व एवं कृषि संबंधी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीफ विपणन वर्ष 2026 के अंतर्गत कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए ई-केवाईसी सहित अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी विभाग के हितग्राहियों की ई-केवाईसी तथा किसान क्रेडिट कार्ड बनाने की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
स्वरोजगार योजनाओं के लक्ष्य समय पर पूरे करें
कलेक्टर ने भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना, टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, संत रविदास स्वरोजगार योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना, मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वर्ग की स्वरोजगार योजनाओं की लक्ष्यवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य गतिविधियों की समीक्षा, बच्चों की जांच सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने टीबी मरीजों, सिकल सेल जांच, आयुष्मान कार्ड निर्माण सहित जिले में संचालित स्वास्थ्य गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के परीक्षण के लिए आवश्यक टेस्टिंग सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जांच संबंधी गतिविधियों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
सामाजिक सुरक्षा एवं बैंकिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा
कलेक्टर ने अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत परियोजनावार एवं समितिवार प्राप्त प्रपत्रों की संख्या की जानकारी लेते हुए प्रगति की समीक्षा की। वन विभाग की समीक्षा के दौरान वनग्रामों को राजस्व ग्राम में परिवर्तित करने संबंधी कार्यों की स्थिति की भी जानकारी ली।
युवाओं को मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना का लाभ दिलाएं
बैठक में मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि योजना के अंतर्गत 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड प्रदान किया जाता है। इसमें 12वीं उत्तीर्ण युवाओं को 8 हजार रुपये, आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को 8 हजार 500 रुपये, डिप्लोमा उत्तीर्ण युवाओं को 9 हजार रुपये तथा स्नातक या उच्च शिक्षा उत्तीर्ण युवाओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिए जाने का प्रावधान है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पात्र युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराएं, आगामी वर्षा से पहले निर्माण कार्य पूर्ण करने की तैयारी करें
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने बैठक में संबंधित निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराना सुनिश्चित करें, ताकि आवागमन में आमजन एवं राहगीरों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिन मार्गों पर मरम्मत एवं निर्माण कार्य की आवश्यकता है, उनका प्राथमिकता के आधार पर चयन कर आवश्यक सर्वेक्षण एवं प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करें तथा स्वीकृति के लिए प्रस्ताव समय पर भेजें। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं समय रहते पूर्ण की जाएं, जिससे आगामी वर्षा ऋतु से पहले प्रस्तावित सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को पूर्ण किया जा सके। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने प्रधानमंत्री धन-धान्य योजना के अंतर्गत जिले को पुरस्कृत किए जाने पर संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और मेहनत का परिणाम है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रतिबद्धता से ही जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम श्रेणी में स्थान प्राप्त किया है, जिससे डिंडौरी जिले का नाम रोशन हुआ है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

