जनसुनवाई में प्राप्त 25 आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दैनिक गोल्ड बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी 31 मार्च, 2026
आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम डिंडौरी भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, तहसीलदार रामप्रसाद मार्को सहित समस्त संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों में भूमि संबंधी विवाद, सीमांकन एवं नक्शा सुधार, अतिक्रमण, निर्माण कार्य में अनियमितता जैसी अन्य शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
ग्राम जमुनिया निवासी आवेदक पुहुप सिंह, ईश्वर सिंह और रमेश सिंह की भूमि के नक्शा सुधार न होने की समस्या प्रस्तुत की गई, जिस पर सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को जांच कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं, एक अन्य प्रकरण में आवेदक गुलाब सिंह ग्राम राखी ने दुकान में तोड़फोड़ एवं मारपीट की शिकायत प्राप्त होने पर एसडीएम शहपुरा को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम छांटा में निर्माण कार्य को लेकर विवाद एवं सीमांकन की शिकायत प्राप्त हुई, जिसमें राजस्व विभाग को निष्पक्ष जांच कर उचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, एक अन्य आवेदन में निजी भूमि पर तालाब निर्माण संबंधी शिकायत पर जांच कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा ग्राम पंचायत क्षेत्र में पेयजल, नाली, सड़क, बिजली एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायतें भी सामने आईं। ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं के कारण दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीईओ जिला पंचायत ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करते हुए आवेदकों को राहत प्रदान की जाए तथा प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखी जाए।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

