बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती समारोह सिंधौली मोहगांव में हर्षोल्लास के साथ संपन्न
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिंडौरी : 14 अप्रैल,2026
बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर पी.एम. श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंधौली, मोहगांव विकासखंड अमरपुर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, नगरपालिका अध्यक्ष सुनीता सारस, जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, प्रदेश अध्यक्ष अजजा. पंकज तेकाम, पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, पूर्व विधायक दुलीचंद उरैती, जनपद अध्यक्ष हन्नू सिंह पट्टा, जनपद सदस्य रामकिशोर राजपूत, महेश धूमकेती, परसराम नागेश, रजनी श्रीवास, मिथलेश मिश्रा, दीपिका भारद्वाज, सरपंच मोहगांव शिवकुमारी, सरपंच साम्हर कमलेश मरावी, अशोक नामदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया, सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा, सहायक आयुक्त राजेन्द्र कुमार जाटव एवं विद्यालय स्टाफ सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया तथा विद्यालय की छात्राओं ने सामूहिक लोकनृत्य के माध्यम से अनुच्छेद 21(अ) (शिक्षा का अधिकार) एवं अनुच्छेद 17 (अस्पृश्यता का अंत) को दर्शाते हुए संविधान की झलक प्रस्तुत कर समानता का संदेश दिया।
जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहब अंबेडकर का जीवन संघर्षमय रहा, लेकिन उन्होंने समाज के वंचित एवं शोषित वर्ग के उत्थान के लिए सदैव कार्य किया। उन्होंने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए समाज को जागरूक किया और शिक्षा, समानता तथा न्याय के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
पंकज तेकाम ने सभी से आह्वान किया कि बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलकर एक समरस, समान और सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर अपने समय के एक महान विद्वान और दूरदर्शी व्यक्तित्व थे। उन्होंने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक सशक्त लोकतांत्रिक आधार प्रदान किया, जिसके माध्यम से आज शासन, प्रशासन और न्यायालय सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि बाबा साहब अंबेडकर नहीं होते, तो आज समाज के वंचित वर्गों को अपने अधिकार और अवसर नहीं मिल पाते। मैं स्वयं आज जिस पद पर हूं, वह भी बाबा साहब की देन है। उन्होंने हमें समानता, सम्मान और आगे बढ़ने का अवसर दिया है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि हम उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में समानता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा दें।
विधायक ओमकार मरकाम ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश को एक नई दिशा दी और विश्व पटल पर भारत की अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने कहा कि भारत का संविधान विश्व का सबसे विस्तृत संविधान है, जो हर नागरिक को समान अधिकार, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। उन्होंने बताया कि बाबा साहब अंबेडकर अत्यंत विद्वान थे, जिन्होंने अपने जीवनकाल में अनेक विषयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर ज्ञान का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका जीवन संघर्ष, शिक्षा और आत्मसम्मान की मिसाल है, जिससे आज की पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
विधायक मरकाम ने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहें और अपने जीवन को शिक्षा, मेहनत और अनुशासन के माध्यम से सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के विचारों को अपनाकर ही हम एक सशक्त, जागरूक और समरस समाज का निर्माण कर सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका सम्पूर्ण जीवन शिक्षा, संघर्ष और सामाजिक समानता के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाया और समाज को आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया। कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे शिक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाएं, अनुशासन और परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें तथा अपने भीतर आत्मविश्वास विकसित करें। उन्होंने कहा कि आज का शिक्षित युवा ही देश का उज्ज्वल भविष्य तय करेगा।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। किसी भी प्रकार की समस्या या आवश्यकता होने पर छात्र-छात्राएं बिना संकोच सीधे उनसे संपर्क कर अपनी बात रख सकते हैं। उन्होंने सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि बाबा साहब के आदर्शों को अपनाकर एक जागरूक, शिक्षित और समरस समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
14 अप्रैल को भीमराव अंबेडकर जंयती का जिले के प्रत्येक विद्यालय, ग्राम पंचायत स्तर बडें धूम धाम के साथ मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम में शामिल सभी अधिकारी कर्मचारी आमजनता को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई ।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, सरपंच, सचिव, आमजन सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

