संदीपनी विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम में 166 वर वधु परिणय सूत्र से बंधे
oplus_132096
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिंडौरी : 14 मई,2026
संदीपनी विद्यालय प्रांगण अमरपुर में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन विभाग के तत्वाधान में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जनपद अध्यक्ष हन्नु सिंह पट्टा , जिला अध्यक्ष चमरू सिंह नेताम, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे, पूर्व अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, सांसद प्रतिनिधि सुधीर दत्त तिवारी, इंद्रावती धुर्वे, कांति धुर्वे, मालती तिवारी, आकाश नामदेव, अनिल साहू, स्नेहलता ठाकुर, महेश धूमकेती, राहुल पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन से अपर कलेक्टर जे पी यादव, सीईओ जनपद लोकेश नरनोरे, सीईओ जनपद पंचायत समनापुर पंकज जैन, तहसीलदार सुन्दर लाल यादव, सामाजिक न्याय विभाग श्याम सिंगौर, थाना प्रभारी , बीईओ, बीआरसी सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत समनापुर एवं अमरपुर के कुल 166 वर-वधु परिणय सूत्र में बंधे। प्रशासन ने सभी युगलों को टोकन प्रदान करने की व्यवस्था की। कार्यक्रम में नृत्य, गुदुम बाजा की रोचक प्रस्तुति दी गयी, विवाह हिन्दु रीति रिवाज से संपन्न हुआ । वधुओं को सीएम राइज स्कूल अमरपुर से मुख्य समारोह स्थल पर लाया गया और मॉडल छात्रावास से बारात निकलकर नगर के मुख्य मार्ग से होते हुए मुख्य सामुहिक विवाह स्थल संदीपनी विद्यालय प्रांगण में शामिल हुए।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, विधायक ओमप्रकाश धुर्वे एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक जोडे को पांच बर्तन, पांच जोडी कपडे एवं अंगूठी भेंट प्रदान किया ।
कार्यक्रम के दौरान शहपुरा विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विवाह समारोह स्थल में पांरपरिक लोकनृत्य कर कार्यक्रम का उत्साहवर्धन किया ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विधायक धुर्वे ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का पवित्र बंधन है। उन्होंने कहा कि सभी बेटियां उनकी अपनी बेटियों के समान हैं तथा नवविवाहित बेटियों को उनके घर जाने पर शासन की उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन , और घर घर नल जल योजना अंतर्गत नवविवाहित जोड़ों के घर नल कलेक्शन जोड़े जाएंगे, अंत में उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना से हजारों परिवारों को आर्थिक संबल मिला है। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। सांसद कुलस्ते ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय एवं समृद्ध जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ज्योति प्रकाश धुर्वे ने नवविवाहित बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने ससुराल जाकर सास-ससुर एवं माता-पिता का सम्मान करें तथा परिवार के सभी सदस्यों के साथ प्रेम, सम्मान और सामंजस्य बनाकर रखें। उन्होंने कहा कि जीवन में सुख-दुख आते रहते हैं, ऐसे समय में पति-पत्नी को एक-दूसरे का साथ निभाते हुए सामाजिक रीति-रिवाजों का पालन कर सुख-समृद्धि के साथ जीवन यापन करना चाहिए। उन्होंने सभी नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर विधायक डिंडोरी ओमकार मरकाम ने वर-वधु को संबोधित करते हुए कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों का पवित्र बंधन है। उन्होंने कहा कि विश्वास और प्रेम के कच्चे धागे में बंधकर आप दोनों ने गृहस्थ जीवन में प्रवेश करने का निर्णय लिया है, इसे निभाना आप दोनों की जिम्मेदारी है। विधायक मरकाम ने नवदंपतियों एवं उनके परिवारों से नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं संस्कारित समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सभी वर-वधुओ को 49000/- का ऑनलाइन उनके बैंक खाते में राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत सामूहिक विवाह समारोह में दोनों पक्ष के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में परिवारजनों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई । सभी के भोजन के पश्चात् कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के सामूहिक विवाह समारोह में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी वर-बधुओं को शुभकामनाएं दी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

