थाना समनापुर में पुलिस जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी
04 जून 2026 को पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे के निर्देशन में थाना समनापुर परिसर में जनसंवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस बजाग के मार्गदर्शन में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, पत्रकारों तथा क्षेत्र के लगभग 100 नागरिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। नागरिकों द्वारा बाजार व्यवस्था में पुलिस सहयोग, गौराकन्हारी क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापना, अवैध शराब पर नियंत्रण, बाहरी व्यक्तियों की निगरानी, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित सुझाव एवं समस्याएं रखी गईं। पुलिस विभाग से संबंधित विषयों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए, जबकि अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण हेतु समन्वय स्थापित कर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया।
जनसंवाद के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी विवादों का शांतिपूर्ण समाधान, नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में साइबर सेल डिण्डौरी के आरक्षक जगदीश प्रसाद द्वारा साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी की पहचान तथा साइबर फ्रॉड होने पर त्वरित कार्रवाई की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई। वहीं एसबीआई समनापुर के शाखा प्रबंधक द्वारा बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने उपस्थित नागरिकों से पुलिस एवं प्रशासन को सहयोग प्रदान करने तथा समाज में शांति, सुरक्षा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान, पुलिस-जन संवाद को सुदृढ़ करना तथा विभिन्न प्रकार के अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं पुलिस-जन सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन आगामी दिनों में भी निरंतर किया जाएगा। जिले के सभी थाना क्षेत्रों के ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों में पहुंचकर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे नागरिकों को अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे पुलिस प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर प्राप्त हो सके।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

