अवैध शराब परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाएं, वाहनों के पंजीयन निरस्तीकरण एवं राजसात की करें कार्यवाही
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय योजनाओं की समीक्षा, लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही न बरतें, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण समय पर निपटाएं
बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी 02 नवंबर 2026
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, डीएफओ अशोक सोलंकी, एसडीएम शहपुरा श्री फरहान इरफान जामदार, एसडीएम डिंडौरी रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा डीपीसी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जाए। फसल बीमा योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने किसानों के पंजीयन में निरंतर प्रगति लाने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से निराकरण की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में बताया गया कि राजस्व विभाग में 84.63 प्रतिशत, ऊर्जा विभाग में 88.20 प्रतिशत, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग में 89.68 प्रतिशत, नगरीय विकास एवं आवास विभाग में 89.74 प्रतिशत, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में 85.63 प्रतिशत तथा लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में 83.19 प्रतिशत शिकायतों का निराकरण किया गया है।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक लंबित शिकायत की नियमित समीक्षा की जाए तथा शिकायतकर्ता से सीधे समन्वय स्थापित कर उसकी संतुष्टि के साथ प्रकरण का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की शिकायतों के निराकरण में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभाग लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करते हुए अपनी विभागीय प्रगति में सुधार लाएं।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों को समय पर मिले पेंशन एवं स्वत्वों का भुगतान
कलेक्टर ने लंबित पेंशन प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं का समय रहते परीक्षण कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को अपने भुगतान एवं स्वत्वों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित करना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने संवेदनशीलता के साथ पेंशन प्रकरणों का निराकरण करने पर जोर देते हुए कहा कि आज हम जिन कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति प्रकरणों का निराकरण कर रहे हैं, कल हम स्वयं भी इसी स्थिति में होंगे। इसलिए प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि किसी भी कर्मचारी को सेवानिवृत्ति के समय आर्थिक एवं प्रशासनिक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 37 पेंशन प्रकरण लंबित हैं, जिनमें 7 भोपाल स्तर पर तथा 30 डीडीओ स्तर पर लंबित हैं।
कोदो-कुटकी एवं खरीफ पंजीयन में किसानों की सुविधा का रखें ध्यान, अंतिम तिथि 5 नवंबर
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कोदो-कुटकी एवं खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए किसानों के पंजीयन की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंजीयन केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी पात्र किसानों का पंजीयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने किसानों से भी अपील की कि वे अंतिम तिथि 5 नवंबर 2026 से पूर्व अपना पंजीयन अवश्य करा लें। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक 2,279 किसानों का पंजीयन किया जा चुका है।
अवैध शराब परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाएं, वाहनों के पंजीयन निरस्तीकरण एवं राजसात की करें कार्यवाही
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने आबकारी विभाग को निर्देशित किया कि जिले में अवैध शराब के परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का परिवहन करते पाए जाने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार पंजीयन निरस्तीकरण एवं वाहन राजसात करने की कार्यवाही की जाए।
कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा की बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करें। प्रत्येक लंबित प्रकरण का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण कर की गई कार्यवाही एवं प्रगति से अवगत कराएं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

