1 किलो 995 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल सहित 81 हजार रुपये की संपत्ति जब्त
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी 15.06.2026
पुलिस मुख्यालय मध्यप्रदेश, भोपाल द्वारा नशा एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस डिण्डौरी लगातार सख्त कार्यवाही कर रही है। पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी के निर्देशन में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को मादक पदार्थों के संग्रहण, क्रय-विक्रय एवं तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) शाहपुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शाहपुर निरीक्षक केवल सिंह परते द्वारा गठित पुलिस टीम को दिनांक 14 जून 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर बिक्री हेतु जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम जमगांव से विक्रमपुर जाने वाले सुनसान जंगल मार्ग पर ग्राम टिकरिया के पास घेराबंदी कर दबिश दी। कार्यवाही के दौरान आरोपी मुकेश दुबे पिता जागेश्वर प्रसाद दुबे, उम्र 42 वर्ष, निवासी विक्रमपुर, चौकी विक्रमपुर, थाना शाहपुर को उसकी स्वयं की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक MP 52 ME 3378 सहित पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक काले रंग के बैग में रखा हुआ 1 किलो 995 ग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 14,000 रुपये है, बरामद किया गया। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 81,000 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।
आरोपी के विरुद्ध थाना शाहपुर में अपराध क्रमांक 169/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्यवाही उपरांत गिरफ्तार किया गया तथा आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा हेतु माननीय न्यायालय डिण्डौरी के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक केवल सिंह परते, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रसाद यादव, प्रधान आरक्षक 144 कोदूराम जोगी, आरक्षक 263 रोहित मरकाम, आरक्षक 56 दीपक धुर्वे एवं आरक्षक 393 अंकित मरावी का सराहनीय योगदान रहा।
जिला पुलिस डिण्डौरी द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space

