हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नल-जल योजनाओं का सफल ट्रायल रन के बाद ही लिया जाए हैंडओवर: विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: विधायक ओमप्रकाश धुर्वे
खुले एवं अनुपयोगी बोरवेल सुरक्षित ढंग से ढंकवाना सुनिश्चित करें: कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया
बलराम राजपूत न्यूज डिंडौरी : 05 अगस्त,2026
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में लोक स्वास्थय यांत्रिकी विभाग के निर्माण कार्यों की प्रगति एवं जिला जल स्वच्छता समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष रूद्रेश परस्ते, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत हर घर जल योजना की अद्यतन प्रगति, समूह एवं एकल नल-जल योजनाओं, रिपोर्टेड, सर्टिफाइड एवं हस्तांतरित ग्रामों की स्थिति, ट्रायल रन पूर्ण होने के बावजूद ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित नहीं की गई योजनाओं, विकासखंडवार स्वीकृत योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल-जल योजनाओं के सुधार एवं मरम्मत, परिवर्तित जल स्रोत तथा समूह जल प्रदाय योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने निर्देश दिए कि पूर्ण हो चुके कार्यों की डाटा एंट्री में तेजी लाई जाए तथा नल-जल योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बोरवेल का खनन तकनीकी परीक्षण के आधार पर ही कराया जाए तथा सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि योजनाओं का सफल ट्रायल रन होने के उपरांत ही उनका हैंडओवर लिया जाए तथा कार्य पूर्ण होने के बाद ही संबंधित एजेंसियों का भुगतान किया जाए। विधायक धुर्वे ने कहा कि जल जीवन मिशन के कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण नहीं होने अथवा गुणवत्ताहीन निर्माण पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों एवं कार्यदायी एजेंसियों के विरुद्ध ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान विधायक धुर्वे ने कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध स्वच्छता उपकरणों का समुचित उपयोग किया जाए तथा हाट-बाजारों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों एवं मुख्यालयों में शौचालयों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने निर्देश दिए कि बंद, अनुपयोगी एवं खुले पड़े बोरवेलों को तत्काल सुरक्षित ढंग से ढंकवाया जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में संबंधित स्थानीय अधिकारी उत्तरदायी होंगे। कलेक्टर ने बोर खनन से पूर्व सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने तथा विभागीय अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल, आवास और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

