समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों को एक और अवसर, 4 नवंबर तक होगा पंजीयन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बलराम राजपूत न्यूज डिण्डौरी, 30 अक्टूबर 2026
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन के लिए किसानों को पंजीयन कराने का एक और अवसर दिया गया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के शेष 848 किसानों का पंजीयन 4 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष जिले में लगभग 82 प्रतिशत किसानों का पंजीयन होने के मद्देनजर शेष पात्र किसानों को यह अवसर प्रदान किया गया है। इस संबंध में अपर संचालक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण, मध्यप्रदेश द्वारा 30 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है।
जारी निर्देशों के अनुसार किसान पंजीयन के लिए आधार आधारित ई-केवाईसी अनिवार्य होगी। दिव्यांग श्रेणी के अंतर्गत पंजीयन कराने वाले किसानों को संबंधित पंजीयन केंद्र प्रभारी के समक्ष दिव्यांगता प्रमाण पत्र की प्रति उपलब्ध करानी होगी। निर्धारित संख्या के अनुसार शेष 848 किसानों से अधिक का पंजीयन मान्य नहीं किया जाएगा। पंजीयन प्रक्रिया की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि केवल वास्तविक एवं पात्र किसानों का ही पंजीयन हो सके।
विभाग द्वारा एनआईसी भोपाल को ई-उपार्जन पोर्टल पर शेष किसानों के पंजीयन की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस निर्णय से जिले के शेष पात्र किसानों को समर्थन मूल्य पर धान विक्रय के लिए पंजीयन कराने का अवसर मिलेगा। किसानों से अपील है कि वे निर्धारित समय-सीमा 4 नवंबर 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पंजीयन पूर्ण कराएं, ताकि समर्थन मूल्य पर धान विक्रय की प्रक्रिया में शामिल हो सकें।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा

